रायपुर मरीन ड्राइव में अब नहीं होगी पार्किंग की टेंशन, वॉकर्स की गाड़ियों के लिए बनेगा स्पेशल ग्रीन जोन

रायपुर मरीन ड्राइव में अब नहीं होगी पार्किंग की टेंशन, वॉकर्स की गाड़ियों के लिए बनेगा स्पेशल ग्रीन जोन

तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) पर रोजाना वॉक करने आने वाले लोगों को बड़ी राहत देते हुए नगर निगम ने यहां निशुल्क ‘ग्रीन जोन’ पार्किंग बनाने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत लगभग 200 गाड़ियों के लिए अलग से सुरक्षित और मुफ्त स्थान आरक्षित किया जाएगा ताकि नियमित वॉकर्स को पार्किंग शुल्क न देना पड़े।

मरीन ड्राइव पर बढ़ते कमर्शियल दबाव के कारण स्थानीय निवासियों और मॉर्निंग-इवनिंग वॉकर्स को पार्किंग के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस ग्रीन जोन के बनने से वॉकर्स के पैसे बचेंगे और सड़क पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी स्थाई निजात मिलेगी।

वॉकर्स को मिलेगी प्राथमिकता, रेस्टोरेंट ग्राहकों पर लगेगा शुल्क

नगर निगम के सर्वे में यह बात सामने आई है कि शाम के समय वॉक पर आने वालों की करीब 170 बाइक और 60 कारें होती हैं, जो कम समय के लिए रुकती हैं। निगम का प्लान है कि इन नियमित वॉकर्स के लिए ग्रीन जोन में फ्री पार्किंग दी जाए, जबकि घंटों रेस्टोरेंट्स और गेम जोन में समय बिताने वाले लोगों से पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा। इससे तालाब की सुंदरता भी बनी रहेगी और अव्यवस्था भी खत्म होगी।

पुलिस बनवाएगी रैंप, फुटपाथ का होगा स्मार्ट इस्तेमाल

ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तालाब किनारे बने फुटपाथ पर रैंप बनाने का प्रस्ताव दिया है। इस योजना के तहत दोपहिया वाहन फुटपाथ पर बने रैंप के जरिए व्यवस्थित तरीके से पार्क किए जा सकेंगे। इससे मुख्य सड़क पूरी तरह खाली रहेगी और चारपहिया वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा नहीं आएगी। सर्वे के मुताबिक वीकेंड पर यहां 1600 से अधिक लोगों की मौजूदगी रहती है, जिन्हें इस नई व्यवस्था से सीधा फायदा होगा।

बता दें कि ग्रीन जोन में लगभग 200 बाइक और 70 कारों के लिए निशुल्क पार्किंग की जगह रहेगी। बता दें कि वर्तमान में सामान्य दिनों में 40-50 और वीकेंड पर सड़क पर गाड़ी खड़ी करने पर 70 ई-चालान कट रहे हैं। शनिवार और रविवार को शाम के समय करीब 600 बाइक और 100 कारें रोटेशन में पार्क होती हैं।

नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस जल्द ही मौके का मुआयना कर ग्रीन जोन की मार्किंग शुरू करेंगे। रैंप निर्माण के बाद नई पार्किंग नीति को ट्रायल बेसिस पर लागू किया जाएगा।