जशपुर जिला जेल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की बारीकी से हुई जांच

जशपुर जिला जेल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की बारीकी से हुई जांच

जशपुरनगर । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर सत्येन्द्र कुमार साहू,  कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेन्द सिंह ने आज जिला जेल जशपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर के विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। 

इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, जेल अस्पताल, पाकशाला (रसोईघर), वालगार्ड एवं बैरकों का निरीक्षण किया गया। बंदियों के भोजन, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया, जिसमें किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। निरीक्षण के दौरान कुछ बंदियों द्वारा अपने-अपने प्रकरणों से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु न्यायाधीशों के समक्ष निवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जेल अधीक्षक द्वारा जेल संचालन में आ रही समस्याओं एवं कमियों की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई, जिस पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल में बंद कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जेल परिसर की स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. सुमन सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्वेता बघेल, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश पाटनवार, जेल अधीक्षक श्याम लाल, उप पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे