बगिया से जागी उम्मीद की किरण : गंभीर मरीजों के लिए संबल बने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,किडनी रोगी के उपचार हेतु 3.95 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत, संवेदनशील शासन का उदाहरण बनी पहल
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई है। गंभीर किडनी रोग से पीड़ित जशपुर जिले के निवासी जितेन्द्र कुमार यादव के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 3 लाख 95 हजार 121 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। यह सहायता केवल आर्थिक मदद भर नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में सरकार की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का सशक्त उदाहरण भी है।
जशपुर जिले के 44 वर्षीय जितेन्द्र कुमार यादव गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और उन्हें रेनल ट्रांसप्लांट (किडनी प्रत्यारोपण) की आवश्यकता है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगे उपचार की व्यवस्था कर पाना संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे कठिन समय में परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निजी निवास स्थित बगिया कैंप कार्यालय पहुंचकर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 3,95,121 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई। राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह राशि अहमदाबाद स्थित जी.आर. दोशी एवं के.एम. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी एंड रिसर्च सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण, उपचार तथा आवश्यक दवाइयों के लिए मंजूर की गई है।
स्वास्थ्य सहायता के मामलों में त्वरित निर्णय की पहचान बने मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी रही है कि स्वास्थ्य संबंधी गंभीर मामलों में वे संवेदनशीलता के साथ त्वरित निर्णय लेते हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें राहत प्रदान की जा रही है।
विशेषकर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना एक बड़ा सहारा बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री के समक्ष जैसे ही इस प्रकार के मामले पहुंचते हैं, प्राथमिकता के आधार पर सहायता प्रदान करने की पहल की जाती है। यही कारण है कि अनेक जरूरतमंद परिवारों के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय आशा और विश्वास का केंद्र बनता जा रहा है।
बगिया कैंप कार्यालय बन रहा उम्मीदों का केंद्र
मुख्यमंत्री का बगिया स्थित कैंप कार्यालय आज केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रहा है। यहां पहुंचने वाले अनेक नागरिक अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचा पा रहे हैं।
विशेष रूप से स्वास्थ्य सहायता, आर्थिक सहयोग और जनसमस्याओं के निराकरण से जुड़े मामलों में बगिया कैंप कार्यालय की सक्रियता ने लोगों का विश्वास बढ़ाया है। आमजन को यह भरोसा मिला है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समझा जा रहा है।
संवेदनशील शासन व्यवस्था का सशक्त संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कई अवसरों पर कहा है कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के उपचार में बाधा न बने। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना इसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जितेन्द्र कुमार यादव को मिली सहायता न केवल उनके उपचार का मार्ग प्रशस्त करेगी, बल्कि यह भी संदेश देगी कि सरकार जरूरत की घड़ी में नागरिकों के साथ खड़ी है। जनकल्याण और मानवीय संवेदनाओं को केंद्र में रखकर लिए जा रहे ऐसे निर्णय राज्य में संवेदनशील एवं उत्तरदायी शासन की नई पहचान स्थापित कर रहे हैं।

Reporter 